
देश के करीब सभी राज्यों में मानसून पहुंच गया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल और गुजरात से लेकर मेघालय तक भारी बारिश हो रही है। बीते दिन देशभर में हुई बारिश में कई हादसे भी हुए। पांच राज्यों में 16 लोगों की जान गई।
राजस्थान में बिजली गिरने के अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान गई। मुंबई में दो इमारतों का हिस्सा गिरने से छह लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिजली के खंभे से करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के चलते तीन लोगों की मौत की खबर है। जबकि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ से 200 लोग फंस गए। मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे ब्लॉक किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम का अपडेट देखकर ही अपनी यात्रा में आगे बढ़ें।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तक देश के 25 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल शामिल हैं।
इन 25 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में आज और कल दो दिन भारी बारिश हो सकती है।
खराब मौसम के चलते इंडिगो का जहाज दो बार पाकिस्तानी एयर स्पेस पहुंचा
खराब मौसम के चलते श्रीनगर से जम्मू के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट दो बार पाकिस्तान सीमा में जा पहुंची। बाद में इस फ्लाइट की अमृतसर में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
रविवार शाम तकरीबन 3.36 बजे श्रीनगर से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2124 ने उड़ान भरी थी। 28 मिनट के बाद यह फ्लाइट खराब मौसम की वजह से कोटे जमैल के रास्ते पाकिस्तान में दाखिल हो गई।
तकरीबन 5 मिनट तक यह फ्लाइट पाक एयरस्पेस में रही और सियालकोट होते हुए जम्मू की तरफ बढ़ गई। लेकिन यहां जम्मू में मौसम खराब होने के कारण यह फ्लाइट वहां लैंड नहीं हो सकी। जिसके बाद फ्लाइट ने अमृतसर का रुख किया। लेकिन 4.15 बजे के करीब यह फ्लाइट दोबारा पाक सीमा में दाखिल हो गई।
J&K के कड़ियाल कलां से दाखिल यह फ्लाइट तकरीबन 4.25 बजे के करीब अमृतसर में अजनाला के कक्कड़ गांव के करीब भारतीय सीमा में लौटी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
अलग-अलग राज्यों से मानसून की 10 तस्वीरें…









